नोखा. शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को लेकर न तो प्रशासन जागरूक दिख रहा है, न ही यातायात विभाग इस और कोई कदम उठा रहा है। बेतरतीब पार्किंग, सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को बेहाल कर दिया है। व्यस्तम और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर भी धड़ल्ले से बसें व ट्रक दौड़ रहे हैं। सबसे बुरा हाल शहर के नवली गेट, जैन चौक कटला चौक, लखारा चौक, सदर बाजार रोड का है। इन मार्गों पर जाम लगना आम बात हो गई है। इस मार्ग के दुकानदार व रहवासी भी इससे त्रस्त हो गए हैं। कई बार तो जाम के चलते वाहन चालकों की गर्मागर्मी भी हो जाती है। इससे जिम्मेदार भी अनभिज्ञ नहीं है, लेकिन वे मूकदर्शक बनकर बैठे हैं, कहीं कोई समाधान के प्रयास करते नजर नहीं आ रहे हैं।
बसें नहीं जाती हैं मुख्य स्टैंड पर
बीकानेर से नोखा आने वाले लोक परिवहन व निजी बसें मुख्य स्टैंड पर नहीं जाती हैं। इससे पहले ही पोस्ट ऑफिस, बागड़ी अस्पताल के मुख्य द्वार वाली गली से होते हुए घूमकर नवली गेट पर आकर खड़ी हो जाती हैं। यहीं पर सभी सवारियों को उतार दिया जाता है। इससे रेलवे स्टेशन व मुख्य बस स्टैंड पर जाने वाले यात्रियों को टैक्सी किराए की चपत लगती है। इतना ही नहीं ये बसें जिस गली से होकर आती हैं, वहां रोड पर पहले से ही थड़ी-ठेले वालों ने अतिक्रमण कर रखा है और ऐसे में बसें उधर से गुजरती हैं, तो रोड संकरी होने से आए दिन जाम की स्थिति देखने को मिलती हैं। इस रोड पर पैदल राहगीरों का आवगमन भी खूब रहता है और कई बार तो हादसे होते-होते बचते हैं। वहीं बसों के इस रोड से नवली गेट की ओर से आने पर राष्ट्रीय राजमार्ग-८९ पर भी कई बार जाम लगता है। लेकिन बेपरवाह जिम्मेदार लोग इसका कोई समाधान नहीं कर रहे हैं। किसी दिन बड़ा हादसा हुआ, तो जवाब देना मुश्किल हो जाएगा।
बाजारों से निकलना हुआ दूभर
शहर के बाजारों में दुकानों के आगे हो रहे अतिक्रमण व वाहनों की बेतरतीब पार्किंग, रोड पर पसरी छोटी दुकानें, थड़ी-ठेले वाले और ऊपर से प्रतिदिन दौड़ते दुपहिया व चार पहिया वाहनों से जाम लगना आम बात है। यहां पार्किंग को लेकर दुकानदारों व वाहन चालकों के बीच विवाद होना भी आम बात हो गई है। जाम के कारण इमरजेंसी सेवाओं जैसे एंबुलेंस, दमकल वाहन भी प्रभावित हो सकते हैं।
रोड पर खड़े रहते वाहन
बाजार में अतिक्रमण से रोड तो पहले ही संकरी हो रखी है, ऊपर से कुछ लोग अपने चार पहिया वाहन भी रोड पर ही खड़ा कर देते हैं। बाजारों में चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित होना चाहिए।
-चंपालाल, दुकानदार।
इनका कहना...
बाजारों में मुख्य समस्या तो थड़ी-ठेले वालों की है, इनका समाधान जरूरी है। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए समय-समय पर कार्रवाई भी करते हैं। शहर में यातायात व्यवस्था के सुधार के लिए जल्द प्लान बनाया जाएगा।
-मनोज शर्मा, सीआई नोखा।
बाजारों में हो रहे अतिक्रमणों का सर्वे कराकर जल्द ही उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है।
-सीपी सारस्वत, ईओ नोखा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2sZNWDR
एक टिप्पणी भेजें