बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग में शुक्रवार को गोवा के समुद्री तटों से संग्रहित दुर्लभ जन्तुओं की प्रदर्शनी आयोजित की गयी। विभाग प्रभारी डाॅ. मीरा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन प्राचार्य डाॅ. एन.के.व्यास एवं सहायक निदेशक डाॅ. राकेश हर्ष द्वारा किया गया था। उन्होनें बताया कि जनवरी माह में विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों का 30 सदस्यी एक दल डाॅ. राजेन्द्र पुरोहित एवं डाॅ. दीप्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में गोवा के समुद्री जन्तुओं का अध्ययन करने गया था। भ्रमण दल द्वारा संग्रहित विभिन्न जन्तुओं को आज महाविद्यालय में प्रदर्शित किया गया था। साथ ही गोवा भ्रमण की एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
भ्रमण दल प्रभारी एवं मत्स्य विशेषज्ञ डाॅ. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों ने गोवा के कैलेन्गुएट तट, बागा तट सहित विभिन्न समुद्री तटों का दौरा कर वहां से प्राकृतिक आवास में जन्तुओं का संग्रह किया। डाॅ. पुरोहित ने बताया कि इस दौरान चूषक मीन एकीनीज, उड़न मछली एक्जोसीट्स, मैकेरल, टाइगर फिश तथा दुर्लभ केकेड़े तथा कुछ अकशेरूकियांे सहित विभिन्न दुर्लभ जन्तुंओं का संग्रह किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मछलियों को पकड़ने में काम आने वाले ड्रैग नेट, गिल नेट आदि का उपयोग कर महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
डाॅ. पुरोहित ने बताया कि राज्य सरकार की मंशानुसार विद्यार्थियों को ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का भी भ्रमण करवाया। गोवा की सेन्ट जेवियर चर्च, राष्ट्रीय समुद्री विज्ञान संस्थान, मत्स्य विभाग सहित अनेक विभागों का भ्रमण कर अति महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई गई।प्रदर्शनी में पूर्व प्राचार्य प्रो. यशपाल भसीन, प्रो. पंकज गोस्वामी, प्रो. के.एम.भारतीय, प्रो. एम.एस.मालोदिया सहित विभिन्न संकायों के विभागध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2DZEKWd
एक टिप्पणी भेजें