नई दिल्ली। संसद में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के बजट अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की शुरुआत हो गई है। आज राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया और मोदी सरकार कि रिपोर्ट कार्ड पेश किया। कल मोदी सरकार वर्ष 2019-20 का अंतरिम बजट पेश करेगी। जानिए राष्ट्रपति के अभिभाषण की 10 प्रमुख बातें:
1. 2014 लोकसभा चुनावों से पहले अस्थिरता के दौर में मेरी सरकार ने न्यू इंडिया का सपना देखा। नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस योजना के तहत स्वच्छ भारत अभियान के तहत 9 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ।
2. उज्ज्वला योजना के तहत 6 करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन गरीबों को आवंटित किए गए हैं। जनधन योजना की वजह से आज देश में 34 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुले।
3. आयुष्मान योजना के तहत सिर्फ चार महीने में 10 लाख से ज्यादा गरीब अपना इलाज करवा चुके हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के तहत देश भर में अब तक 600 से ज्यादा जिलों में 4,900 जन औषधि केंद्र खोले जा चुके हैं। अभी तक लक्षित 50 करोड़ लोगों में से 21 करोड़ गरीब भाई-बहनों को बीमा सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।
4. तमिलनाडु के मदुरै से लेकर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा तक और गुजरात के राजकोट से लेकर असम के कामरूप तक नए एम्स बनाए जा रहे हैं। बीते चार वर्षों में मेडिकल की पढ़ाई में 31 हजार नई सीटें जोड़ी गई हैं। पिछले पांच वर्षों में 7 आईआईटी, 7 आईआईएम, 14 आईआईआईटी, एनआईटी और 4 एनआईडी की स्थापना की जा रही है।
5. सवर्ण गरीबों के लिए 10 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था कर सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया। इससे सामान्य वर्ग के गरीबों को लाभ मिलेगा।
6. नाबालिग बच्चियों के साथ बलात्कार के जघन्य अपराध की सजा के लिए अपराधी को फांसी की सजा देने जैसा महत्वपूर्ण फैसला किया।
7. तीन तलाक से पीड़ित मुस्लिम महिलाओं के जीवन भयमुक्त बनाने के लिए प्रयास कर रही है। तीन तलाक से जुड़े कानून को संसद से पारित करवाने का लगातार प्रयास कर रही है।
8. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना किसी गारंटी के 7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के ऋण दिए गए हैं। मुद्रा ऋण पाने वाले कम से कम 15 करोड़ लाभार्थियों में 73 फीसद महिलाएं हैं। 2014 से पहले जहां 3.8 करोड़ लोगों ने अपना रिटर्न फाइल किया था, वहीं अब 6.8 करोड़ से ज्यादा लोग आयकर रिटर्न फाइल करते हैं।
9. भारत ने सीमा पार आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक करके अपनी ‘नई नीति और नई रीति’ का परिचय दिया है।
10. सरकार ने लगभग 8 करोड़ ऐसे नामों को लाभार्थियों की सूची से हटाया है, जो वास्तव में नहीं थे और बहुत से बिचौलिए फर्जी नाम से जनता का धन लूट रहे थे। 2017-18 में देश के 12 करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोगों ने हवाई यात्रा की है। उड़ान योजना के अंतर्गत लोगों को 12 लाख सीटें कम कीमत पर उपलब्ध हुई हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2HHuqGs
एक टिप्पणी भेजें