लूणकरनसर. तहसील के नहरी क्षेत्र के चक एक बीएचएम में बुधवार शाम पैंथर ने एक आवारा बछड़े पर हमला किया लेकिन एक महिला के शोर मचाने से शिकार करने में सफल नहीं हो पाया। बछड़े पर हमले के बाद मौके पर पहुंचे वनकर्मी व ग्रामीणों ने पैंथर को घेरकर पकडऩे का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए।चक एक बीएचएम के विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब ३.३० बजे चक एक बीएचएम में मांगीलाल ब्राह्मण की ढाणी में मवेशी के बाड़े में आए पैंथर के भय से खूंटों के बंधी गायों की रस्सियां टूट गई। इस दौरान ढाणी के लोगों के जागने से भाग गया।
गौतलब है कि तीन दिन पहले पैंथर ने इसी ढाणी में बछड़े पर हमला किया था। बुधवार शाम करीब ५.१५ बजे चक एक बीएचएम के बेगराज शर्मा के सरसों के खेत में एक आवारा बछड़े पर हमला किया। इस दौरान सरसों के खेत में काम कर रही महिला के शोर मचाने से पैंथर भाग गया। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में वनरक्षक हनुमान सींवर, विजयसिंह समेत अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ सरसों के खेत में चारों ओर से घेरने का प्रयास किया गया लेकिन दिखाई नहीं दिया।
एक पखवाड़े से खौफ
एक पखवाड़े से नहरी क्षेत्र में खौफ पैदा करने वाले जंगली जानवर अभी तक वनकर्मियों को दिखाई नहीं दिया है तथा आधिकारिक रूप से वन विभाग की ओर से पैंथर के बारे में पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि तीन-चार बार ग्रामीणों को नजर आने पर पंूछ, शरीर पर काले धब्बे व फुर्ती के हिसाब से पैंथर ही बताया जा रहा है। बुधवार को क्षेत्रीय वन अधिकारी शेखावत व वनकर्मियों ने मोबाइल को फोटो दिखाई तो जंगली जानवर को प्रथम दृष्टया जरख मान रहे हैं। शेखावत ने बताया कि गुरुवार को बीकानेर से वन्य जीव विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया है।
उनके साथ निगरानी के बाद ही पता चल पाएगा। इलाके में पैंथर से लोगों में दहशत का माहौल है तथा पैंथर को वन विभाग द्वारा शीघ्र पकड़वाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने एसडीएम कैलाशचन्द्र मीणा को ज्ञापन सौंपा। किसान नेता धर्मवीर गोदारा के नेतृत्व में मिले ग्रामीणों ने बताया कि पैंथर से ग्रामीण सहमे हैं तथा घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने पैंथर नहीं करने के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2TBwRMe
एक टिप्पणी भेजें