नई दिल्ली। बीमारी का इलाज कराने के लिए अमरीका गए केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली इस सप्ताह के आखिरी तक हिंदुस्तान वापस लौट सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों में अरुण जेटली भारत वापस लौट सकते हैं। आपको बता दें कि 66 वर्षीय अरुण जेटली को कैंसर बताया गया है, जिसके इलाज के लिए वो पिछले महीने न्यूयॉर्क रवाना हुए थे। वहां जेटली ने एक सर्जरी कराई है। इससे पहले दिल्ली के एम्स में भी अरुण जेटली 14 मई 2018 को गुर्दा प्रतिरोपण करा चुके हैं।
अरुण जेटली के अमरीका जाने से पहले उनके पास वित्त मंत्रालय था, जिसे बाद में रेल मंत्री पीयूष गोयल को सौंप दिया गया। इस वजह से जेटली, नरेंद्र मोदी सरकार का आखिरी और छठा बजट पेश नहीं कर पाए। उनकी अनुपस्थिति में यह जिम्मेदारी गोयल ने निभायी। हालांकि सोशल मीडिया पर वो लगातार सक्रिय रहे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अरुण जेटली लगातार ट्वीट और फेसबुक पोस्ट लिख रहे थे।
माना जा रहा है कि जेटली भारत आकर अगले हफ्ते बजट सत्र में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि ये डॉक्टरों के परामर्श पर निर्भर करेगा। बजट सत्र 13 फरवरी को समाप्त हो रहा है।
आपको बता दें कि सोमवार को ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी अमरीका से लौट आई हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Bfgeij
एक टिप्पणी भेजें