बीकानेर. प्रदेश में युवतियों और छात्राओं की सुरक्षा अब पुलिस की तेज-तर्रार महिला विंग करेगी। इसके लिए अलग से यूनिट गठित की गई है और इसे लेडी पैट्रोलिंग यूनिट नाम दिया गया है। यूनिट में शामिल महिला पुलिसकर्मी विशेष पोशाक में शहर के ऐसे स्थानों पर तैनात रहेंगी, जहां युवतियां व महिलाओं की आवाजाही ज्यादा है।
आइजी डॉ. मीना करेंगे रवाना
पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि मुख्यालय पर पुलिस पैट्रोलिंग यूनिट का गठन कर दिया गया है। बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक डॉ. बीएल मीना बुधवार सुबह ११ बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से लेडी पैट्रोलिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यूनिट में छह लेडी पैट्रोलिंग दल बनाए गए हैं। हर दल में दो-दो महिला कांस्टेबल शामिल हैं। पहले चरण में छह थाना क्षेत्रों में दल तैनात किए जाएंगे।
अलग से नंबर अलॉट
लेडी पैट्रोलिंग यूनिट के लिए पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अलग से वाट्सएप नंबर (८४६४८५२५९५) अलॉट किया गया है। यह नंबर 24 घंटे चालू रहेगा। इस नंबर पर कमांड सेंटर, महिला प्रभारी पुलिस नियंत्रण कक्ष के सहयोग से महिलाओं के साथ अपराधों की सूचना क्षेत्र में नियुक्त यूनिट का देंगे। महिलाओं से छेड़छाड़ की हर सूचना तथा की गई कार्रवाई का लेखा-जोखा रजिस्टर में दर्ज करना होगा।
इसलिए पड़ी जरूरत
पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद महिलाओं व बालिकाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एेसे मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं, छेड़छाड़ से परेशान कई महिलाएं व युवतियों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। इसलिए अब पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है।
ऐसे करेंगी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई
यूनिट की महिला कार्मिकों के पास खुफिया कैमरा रहेगा, जिसे वे छिपा कर रखेंगी। इससे वे सड़क पर लड़कियों से दुव्र्यवहार करने वाले युवकों और बदमाशों की हर गतिविधि रिकॉर्ड कर सकेंगी। उस रिकॉर्डिंग के आधार पर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह यूनिट शहर में स्कूटी पर गश्त पर करेगी।
इस पर पुलिस नहीं लिखा होगा, ताकि स्कूलों, कॉलेज और बाजार में युवतियों व महिलाओं से बदतमीजी करने वाले उन्हें पहचान नहीं सकेंगे। यह यूनिट सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक स्कूल, कॉलेज व बाजार, मंदिर क्षेत्र में गश्त करेगी।
यह करना होगा
किसी महिला व युवती से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ लेडी पैट्रोलिंग यूनिट अपने क्षेत्र के संबंधित थानाधिकारी से संपर्क कर कानूनी कार्रवाई करेगी। प्रत्येक यूनिट एक डायरी रखेगी, जिसमें रोजाना की कार्रवाई अंकित करेंगी। यूनिट की प्रभारी उपनिरीक्षक सिरकौर होंगी। मॉनिटरिंग एएसपी सिटी करेंगे। दल में शामिल महिला कांस्टेबल के पास एक वायरलेस सेट, डंडा, हथियार व कैमरा होगा।
यहां होगी यूनिट तैनात
कोटगेट थाना क्षेत्र में कोटगेट दरवाजा, रेलवे स्टेशन रोड एवं केईएम रोड।
कोतवाली थाना क्षेत्र में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लेडी एल्गिन जेलवेल रोड एवं बड़ा बाजार।
नयाशहर थाना क्षेत्र में पूगल फांटा, जस्सूसर एवं नत्थूसर गेट बेसिक कॉलेज, एनएसपी कॉलेज,
पुष्करणा स्कूल।
गंगाशहर थाना क्षेत्र में मुख्य बाजार, जैन कॉलेज के पास।
सदर थाना क्षेत्र में पब्लिक पार्क, म्यूजियम सर्किल, राजकीय महारानी कॉलेज, राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, जूनागढ़ फोर्ट, रोडवेज बस स्टैंड।
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोफिया स्कूल, महारानी किशोरी देवी स्कूल, केन्द्रीय विद्यालय नंबर एक, डूंगर महाविद्यालय एवं पूरा क्षेत्र।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2HV4gA8
एक टिप्पणी भेजें