नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू राजधानी दिल्ली में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। नायडू के इस धरने का समर्थन करने के लिए विपक्ष के कई बड़े नेता मंच पर पहुंचे हैं। चंद्रबाबू नायडू का ये धरना आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर है, जो वो केंद्र सरकार से कर रहे हैं। इसी मांग की वजह से नायडू ने एनडीए का साथ छोड़ा था।
नायडू के अनशन में पहुंचे ये दिग्गज नेता
चंद्रबाबू नायडू के एक दिवसीय धरने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मंच पर पहुंचे। इनके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, मुलायम सिंह यादव, शरद यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, एनसीपी के माजिद मेमन, DMK नेता टी. शिवा तथा TMC नेता डेरेक ओ'ब्रायन भी नायडू के धरने में पहुंचे। टीएमसी ने भी नायडू के धरने का समर्थन किया है।
महात्मा गांधी और आंबेडकर को श्रद्धांजलि देकर शुरू किया अनशन
आपको बता दें कि चंद्रबाबू नायडू दिल्ली में आंध्र प्रदेश भवन में धरने पर बैठे हैं। अपना अनशन शुरू करने से पहले उन्होंने महात्मा गांधी को राज घाट पर और भीम राव आंबेडकर को आंध्र प्रदेश भवन में श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने फिर किया आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंद्रबाबू नायडू की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मैं आंध्र प्रदेश की जनता के साथ खड़ा हूं, वह किस तरह के प्रधानमंत्री हैं...? उन्होंने आंध्र प्रदेश की जनता से किया वादा पूरा नहीं किया। मोदी जी जहां भी जाते हैं, झूठ बोलते हैं... उनकी कोई विश्वसनीयता नहीं बची है।" आपको बता दें कि राहुल गांधी इससे पहले आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा कर चुके हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2ULY3YK
एक टिप्पणी भेजें