Vinod Goswami Vinod Goswami Author
Title: अपने ही पार्षदों से घिरे महापौर, हंगामे के बीच बजट पारित
Author: Vinod Goswami
Rating 5 of 5 Des:
बीकानेर. नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2019-20 का प्रस्तावित बजट शनिवार को हंगामे के बीच पारित हुआ। बजट चर्चा के दौरान निगम महापौर अपनी ही पार्ट...

बीकानेर. नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2019-20 का प्रस्तावित बजट शनिवार को हंगामे के बीच पारित हुआ। बजट चर्चा के दौरान निगम महापौर अपनी ही पार्टी के पार्षदों से घिरे रहे। कांग्रेस पार्षदों के साथ भाजपा पार्षदों ने भी बजट पर सवाल उठाए। बजट पारित करने के लिए हुई साधारण सभा के दौरान भाजपा पार्षदों ने सदन में धरना दिया, कागज उड़ाए और निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

 

बैठक के दौरान पक्ष-विपक्ष के पार्षद शहर की समस्याओं पर चर्चा करवाने पर अड़े रहे। इससे कई बार हंगामे की स्थिति बनी। इससे पहले महापौर नारायण चौपड़ा ने 282 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपए का प्रस्तावित बजट अनुमोदन के लिए पटल पर रखा। करीब तीन घंटे चली हंगामेदार बैठक के भोजन अवकाश के बाद इसे पारित किया गया।

 


सभा की शुरुआत से आखिर तक कई बार हंगामा हुआ। दोनों की पार्टी के पार्षदों ने महापौर की सीट के पास पहुंचकर विरोध जताया। सभा के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 


बजट पर चर्चा के दौरान भाजपा पार्षद दिव्या राजपुरोहित, दिनेश उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने नगर निगम के आय-व्यय पर सवाल खड़े किए। सुनवाई नहीं होने से नाराज पार्षद उपाध्याय ने सदन में धरना दिया। उनके समर्थन में उप महापौर अशोक आचार्य सहित भाजपा पार्षद राजेन्द्र कुमार शर्मा, मोहम्मद ताहिर, भगवती प्रसाद गौड, जमन लाल गजरा, प्रेम रतन जोशी भी शामिल रहे।

 


'पप्पूÓ कहने पर बवाल
भाजपा पार्षद दिनेश उपाध्याय ने वार्ड की समस्याएं बताते समय 'पप्पूÓ शब्द का उपयोग किया। इससे नाराज कांग्रेस पार्षद सदन के बीच पहुंच गए और भाजपा पार्षद से उलझ गए।


सदन में उड़ाए पत्र
वार्ड में सीवरेज और पैकेज कार्य पूरे नहीं होने से नाराज भाजपा पार्षद दिनेश उपाध्याय ने सदन में पहुंचकर साढे़ चार साल में लिखे पत्र दिखाए और कागज सदन में उड़ा दिए।


रखी समस्याएं
शहर की जनसमस्याओं पर चर्चा को लेकर सदन में कई बार गतिरोध आया। पक्ष-विपक्ष के पार्षद समस्याओं पर चर्चा करने को लेकर अड़े रहे। बैठक शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने सफाई, सीवरेज, एलईडी लाइट, आवारा पशु सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की मांग की, लेकिन महापौर ने साधारण सभा में केवल बजट प्रस्ताव पर चर्चा का ही हवाला देकर इसकी अनुमति नहीं दी।

इसके बावजूद भाजपा-कांग्रेस पार्षद जनसमस्याओं को सदन में रखते रहे। इस दौरान पार्षद अजय सिंह राजपुरोहित, पूजा इणखिया, सोहनलाल प्रजापत, नरेश जोशी, नन्दलाल जावा, नन्दू गहलोत, कृष्णा कंवर ने अपने वार्ड और शहर की समस्याओं को सदन में रखा।


चर्चा में रही पत्रिका
बैठक के दौरान 'राजस्थान पत्रिकाÓ चर्चा में रही। पार्षद पत्रिका की प्रति लेकर सदन में पहुंचे और जनसमस्याओं पर चर्चा की मांग रखी। पत्रिका ने ९ फरवरी को 'शहर में समस्याओं की भरमार, बैठक में हो विचारÓ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।


भाजपा पार्षद राजेन्द्र कुमार शर्मा व मो. ताहिर ने पत्रिका की प्रति पटल पर रखते हुए कहा कि पार्षद जनसमस्याओं पर चर्चा करने को तैयार हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष पडि़हार ने कहा कि महापौर शहर की समस्याओं पर चर्चा और निदान करवाएं। महापौर ने जल्द साधारण सभा कर चर्चा करवाने की बात कही।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Gzf5pd

About Author

Advertisement

एक टिप्पणी भेजें

 
Top