हनुमानगढ़. सरकारी सेवा में जिंदगी का अधिकांश वक्त खर्च करने वाले पेंशनर्स अब अपने लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से रिवाइज पेंशन स्कीम लागू करने के बाद कोष कार्यालय अपने स्तर पर पेंशनर्स से संपर्क कर उनसे सभी तरह की प्रक्रिया पूर्ण करवाकर उनकी रिवाइज पेंशन स्वीकृत करने के प्रयास में हैं। लेकिन जिले में हालात ऐसे हैं कि अभी तक तीन हजार पेंशनर्स ने रिवाइज पेंशन स्कीम के तहत आवेदन भी नहीं किए हैं। जबकि सात हजार पेंशनर्स में जिन चार हजार पेंशनर्स ने पेंशन रिवाइज करने को लेकर आवेदन किया था, उनमें कई तरह की कमियां होने के कारण २५०० आवेदन कोष कार्यालय ने वापस लौटा दिए हैं।
इस स्थिति में कोष कार्यालय ने अब गांवों व शहरों में स्थित मंदिर, मस्जिद व गुरुद्वारा में लाउड स्पीकर के जरिए सुबह-शाम मुनादी करवाने का निर्णय लिया है। सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित जिला कोष कार्यालय में सभी तहसीलों के पेंशनर्स समाज के पदाधिकारियों के साथ जिला कोषाधिकारी महादेव बलारा ने बैठक कर पेंशनर्स को अधिकाधिक संख्या में रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने के बारे में चर्चा की। इस दौरान पेंशनर्स समाज के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि गांवों व शहरों में धार्मिक स्थानों पर बजने वाले लाउड स्पीकर पर रिवाइज पेंशन स्कीम के बारे में बताकर पेंशनर्स को इसके प्रति जागरूक किया जाए। जिससे रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ अधिकाधिक पेंशनर्स को मिल सके। जिला कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशन रिवाइज करने को लेकर पेंशनर्स समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर काफी विचार-विमर्श किया गया।
सभी पेंशनर्स को रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ मिल सके, इसके लिए सबको जागरूक कर रहे हैं। गौरतलब है कि आगे लोकसभा चुनाव होंगे। आचार संहिता लगने के बाद पेंशनर्स समाज के लोगों को पेंशन रिवाइज करवाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए, इसके लिए जरूरी है कि आचार संहिता लागू होने से पहले ही सभी आवेदन जमा करवा देवें। ताकि समय पर इनका भौतिक सत्यापन करके कोष कार्यालय पेंशनर्स को रिवाइज पेंशन स्कीम से लाभान्वित कर सके।
कोषाधिकारी की पॉवर बढ़ाई
राज्य सरकार ने एक जनवरी १९९० से लेकर एक जनवरी २०१६ तक के पेंशनर्स के लिए रिवाइज पेंशन स्कीम लागू की है। इसके तहत अधिकाधिक पेंशनर्स को लाभ मिल सके, इसके लिए राज्य सरकार ने जिला कोषाधिकारी को सहायक निदेशक पेंशन विभाग की अतिरिक्त शक्तियां प्रदान की है। इसके तहत कोषाधिकारी महादेव बलारा ने पेंशन कमेटी गठित कर दी है। कोष कार्यालय के कार्मिकों के अनुसार रिवाइज पेंशन स्कीम के तहत २५०० रुपए तक की पेंशन राशि में बढ़ोतरी संभव है।
समन्वय का अभाव
जिला कोष कार्यालय को रिवाइज पेंशन स्कीम के तहत प्राप्त आवेदनों में आधे से अधिक आवेदनों में कमियां मिली है। अब कोष कार्यालय ने पेंशनर समाज की तहसील व जिला स्तर पर गठित एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर वंचित पेंशनर्स से समन्वय बनाने का आग्रह किया है। साथ ही कोष कार्यालय के कार्मिकों को भी इस कार्य में जुटने के लिए कहा है। जिससे पेंशनर्स को रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ मिल सके।
फर्ज निभाने की सलाह
पेंशनर समाज के पदाधिकारियों की सोमवार को हुई बैठक में जिला कोष अधिकारी को विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया गया। इसमें कोषाधिकारी ने कहा कि फिलहाल रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ अधिक से अधिक पेंशनर्स को मिले, इसके लिए सबको जागरूक करने की जरूरत है। संगठन का फर्ज बनता है कि वह अपने साथियों को रिवाइज पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने में सहयोग करे। जिला कोष अधिकारी महादेव बलारा, सहायक लेखाधिकारी सतपाल जाखड़, वीरेंद्र गुप्ता, अतिरिक्त कोषाधिकारी कृष्ण शर्मा, रमेश सिंघल, पेंशनर समाज हनुमानगढ़ जंक्शन के अध्यक्ष आरएल कक्कड़, उपाध्यक्ष रमेश रहेजा, रावतसर के भागीरथ, संगरिया के रामावतार व नोहर के जगदीश शर्मा बैठक में मौजूद रहे।
फैक्ट फाइल
-जिला कोष कार्यालय से करीब ७००० पेंशनर्स को पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
-कोष कार्यालय हनुमानगढ़ से हर माह १५-२० करोड़ का भुगतान हो रहा है।
-रिवाइज पेंशन स्कीम के तहत प्राप्त आवेदनों में कोष कार्यालय ने २५०० आवेदन वापस लौटाए।
-पेंशन रिवाइज करवाने को करीब ३००० ने तो अभी तक आवेदन ही नहीं किया।
एक टिप्पणी भेजें