अभियुक्तों के पास से कार, दो पिस्टल व 21 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं
बीकानेर के लूनकरणसर में हाइवे पर पेट्रोल पंप लूटने वालों को पकड़ने गई पुलिस पर लुटेरों ने हरियाणा में फायरिंग कर दी। लूनकरणसर पुलिस ने हरियाणा की की एसटीएफ के साथ घेराबंदी कर लुटेरों को दबोच लिया। 21 जनवरी को लूनकरणसर में हाइवे पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर 12,435 रुपए लूटने की वारदात हुई थी। लुटेरे अपनी कार लालगढ़ क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज और वारदात में शामिल लुटेरों की बोलचाल और हावभाव से पुलिस को शक था कि लुटेरे हरियाणा के हैं।
लूनकरणसर पुलिस की टीम ने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की और वारदात में शामिल लुटेरों को नामजद कर लिया। रविवार को पुलिस और हरियाणा एसटीएफ की टीम ने कार में सवार अभियुक्तों को गुहला से डेढ़ किमी दूर रोका तो वे फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। हरियाणा में कैथल जिले के गुहला थाने में पुलिस पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज हुआ जिसमें हुडा निवासी आशीष उर्फ मिंटी शर्मा, गगड़पुर निवासी गुरदीप उर्फ दीपक कुम्हार, सुखमनजोत उर्फ सुखा जटसिख, करनाल जिले में निसिंग निवासी बादल बेदी व हिसार में मंडी आदमपुर निवासी साहिल उर्फ खान को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों के पास से कार, दो पिस्टल व 21 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। लूनकरणसर पुलिस थाने के एसएचओ अशोक बिश्नोई ने बताया कि गुहला पुलिस ने पांचों अभियुक्तों को रिमांड पर लिया है। इनमें से साहिल को छोड़कर शेष चारों बीकानेर में पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में शामिल हैं। चारों अभियुक्तों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर बीकानेर में लाया जाएगा। इनके अलावा लूट की वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को हिसार से निरुद्ध कर बीकानेर लाया गया जिसे मंगलवार को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। गुरुदीप पुलिस थाने चिका का हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ फायरिंग, मारपीट, एनडीपीएस के 10 मुकदमे दर्ज हैं। आशीष व सुखमनजोत के खिलाफ भी हरियाणा में मुकदमे दर्ज हैं।
हरियाणा में फायरिंग कर भागे, लूनकरणसर पहुंचे और पेट्रोल पंप लूटा था
अभियुक्त आशीष ने अपने दोस्त से अल्टो कार मांगी। गुरदीप और सुखमनजोत को साथ लिया। खुशहालमाजरा गांव में जगरूपसिंह के पास पहुंचे। उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाने वालों के घर गए और फायरिंग की वारदात कर 18 जनवरी को सिरसा भाग गए। वहां से 21 जनवरी को लूनकरणसर पहुंचे और पेट्रोल पंप पर वारदात की। वारदात के बाद लालगढ़ में कार छोड़कर ट्रेन से जयपुर चले गए थे। इस दौरान पुलिस ने बरामद की गई कार के मालिक का पता लगाया और हरियाणा जाकर उससे पूछताछ की तो अभियुक्त नामजद हो गए। अभियुक्त बेफिक्र थे और वे जयपुर से हरियाणा पहुंच चुके थे। एसएचओ के साथ गए कांस्टेबल नेतराम व जयप्रकाश ने हरियाणा एसटीएफ के साथ मिलकर अभियुक्तों को पकड़ा।
एक टिप्पणी भेजें