नई दिल्ली। चिटफंड घोटाले को लेकर कोलकाता पुलिस vs CBI विवाद पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में लोकसभा चुनाव होने वाला है। निर्वाचन आयोग इसके लिए जबतक अधिसूचना जारी करेगा, तबतक देश में कुछ भी हो सकता है।
एक महीने कुछ भी हो सकता है: नीतीश कुमार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम आजकल देश की स्थिति ठीत नहीं है। आने वाले एक महीने तक देश में कटुता और विरोध का माहौल बना रहेगा। लोकसभा चुनाव की तारीखें आने तक देश में कुछ भी हो सकता है। सीबीआई छापेमारी के विरोध में धरना दे रही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, हमारी आदत नहीं है किसी और के मामले में कमेंट करने की। हम तो संवैधानिक व्यवस्था और कानून को लेकर चलते हैं।
ममता किसे बचाना चाहती हैं : जावड़ेकर
वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस विवाद पर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि हम यह पूछना चाहते हैं कि ममता किसे बचाना चाहती हैं। वे धरना क्यों दे रही हैं? वह पुलिस आयुक्त को बचाना चाहती हैं या खुद को? वे क्या छिपाने का प्रयास कर रही हैं।
इतना क्यों डर रही हैं ममता: जावड़ेकर
जावड़ेकर ने कहा कि तृणमूल सांसद और राज्य मंत्रियों कुणाल घोष, सृंजॉय बोस, सुदीप बंदोपाध्याय, तपस पाल और मदन मित्रा को चिटफंट मामले के संबंध में अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। तब तो कोई धरना या प्रदर्शन नहीं किया गया। तो उन्होंने अब ही क्यों धरना शुरू किया? केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है, जिसके कारण ममता उन्हें बचाने के लिए इतनी बेकरार हैं और अब सड़क पर बैठ गई हैं? लोग इन सवालों के जवाब चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या का एक प्रयास है।
सीबीआई छापेमारी के बाद धरने पर ममता
बता दें कि रविवार शाम सीबीआई की 40 सदस्यों वाली टीम चिटफंड घोटाला केस में कोलकाता के पुलिस कमिश्नर के आवास पर छापा मारने पहुंची थी। जिसके बाद पुलिस और सीबीआई में जमकर विवाद हुआ। खुद सीएम ममता भी मौके पर पहुंच गईं। देररात उन्होंने इस कार्रवाई के विरोध में अपने मंत्रियों और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कोलकाता के धरमताला इलाके में धरने पर बैठ गईं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2UGp0xc
एक टिप्पणी भेजें