बीकानेर. राजस्थान आवासन मंडल अपनी कार्य व्यवस्थाओं में और सुधार करेगा तथा मंडल की कॉलोनियों के आंवटियों की समस्याओं का समाधान भी करेगा। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में समस्या निवारण शिविरों का आयोजन कर आवासों-भूखण्डों से संबंधित आंवटियों की समस्याओं का समाधान करेगा। इसके लिए मण्डल अधिकारी कार्य व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों के पर्यवेक्षण के लिए शिविरों में मौजूद रहेंगे। उप आवासन आयुक्त आरसी मेघवाल ने बताया कि मण्डल की ओर से आयोजित होने वाले शिविरों की शुरुआत गुरुवार से होगी। मुक्ता प्रसाद नगर स्थित उप आवासन आयुक्त कार्यालय में समस्या निवारण शिविर का आयोजन होगा। इस दौरान राजस्थान आवासन मण्डल के मुख्य अभियन्ता द्वितीय जीएस बाघेला एवं अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता द्वितीय कल्याण प्रसाद उपस्थित रहेंगे।
ये होंगे कार्य
उप आवासन आयुक्त के अनुसार शिविर में मण्डल की बीकानेर स्थित आवासीय कॉलोनियों मुक्ता प्रसाद नगर व पवनपुरी कॉलोनियों के आवासों-भूखण्डों से संबंधित आंवटियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस दौरान आवासों की बकाया राशि का मांगपत्र, अदैय प्रमाण पत्र, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, आवासो का आंवटन पत्र, भौतिक कब्जा देना, मृत्यु पश्चात पंजीकरण-आवास का हस्तांतरण, पंजीयन, अनापत्ति प्रमाण पत्र, रिफण्ड प्रकरण, भवन मानचित्र अनुमोदन आदि से संबंधित कार्य होंगे। शिविर में होने वाले कार्यों से आंवटियों को लाभ मिलेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2HYvbee
एक टिप्पणी भेजें