कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण की कर्मस्थली कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने हरियाणा पर नई सौगातों की बारिश कर दी। कई अहम योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा। आपको बता दें कि इससे एक दिन पहले ही पीएम मोदी कृष्ण भगवान की जन्मस्थली मथुरा पहुंचे थे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिन्दुस्तान का इतिहास एक ही परिवार से शुरू हुआ और उसी ने इतिहास को खत्म करने की कोशिश की है, लेकिन हमारी पार्टी ने इसे जीवित रखने की ओर कदम बढ़ाया है। इसके लिए मैं हरियाणा की सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।
जो भ्रष्ट है उसको ही मोदी से कष्ट है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मंगलवार को एक तरह से हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार का आगाज भी कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि मोदी से कष्ट उसी को है, जो भ्रष्ट है। विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि महामिलावट के ये सारे चेहरे जांच एजेंसियों और कोर्ट को धमकाने के कम्पटीशन में जुटे हुए हैं।
बेटियों के बिना देश का विकास संभव नहीं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने भाषण में महिलाओं की तारीफ करते हुए कहा कि बेटियों के बिना देश का विकास संभव नहीं। बीजेपी सरकार ने बेटियों, बच्चियों और महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। बेटियों के साथ बलात्कार करने वालों को फांसी की सजा का प्रावधान भी बीजेपी सरकार ने ही किया है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना की पहली लाभार्थी भी हरियाणा से ही थी।
- पीएम मोदी ने कहा कि आज फिर मैं आशीर्वाद लेने आया हूं। गीता की जन्मस्थली से, यहां की माताओं से आशीर्वाद लेने आया हूं। पीएम ने कहा कि मैंने वन रैंक वन पेंशन और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की योजना इसी धरती से शुरू की थी, जो आज देश भर में चल रही है।
पीएम ने हरियाणा को दी ये सौगातें
पीएम मोदी ने यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बटन दबाकर कुरुक्षेत्र के आयुष विश्वविद्यालय, करनाल के कुटेल में मेडिकल यूनिवर्सिटी, पानीपत में वॉर मेमोरियल, रेवाड़ी के मनेठी में एम्स, और पंचकूला में आयुष पीजी कॉलेज का शिलान्यास किया। इसके अलावा झज्जर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का लोकार्पण भी किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2UTNByl
एक टिप्पणी भेजें