नई दिल्ली। आम चुनाव का समय करीब है और सियासी सरगर्मी भी बढ़ गई है। अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में पहला रोड शो करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए हैं। इस रोडशो में प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और ज्यातिरादित्य सिंधिया भी शामिल हैं। राजनीतिक दलों में जारी सिसायी संग्राम के बीच आपको बता दें कि प्रियंका गांधी जिस बस में सवार होकर उत्तर प्रदेश में अपना पहला रोड शो कर रही हैं वह कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत ही लक्की रहा है। प्रियंका चार दिन के दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंची है।
पंजाब में सीएम अमरिंदर ने इस बस से किया था रोड शो
आपको बता दें कि जिस बस में प्रियंका, राहुल व ज्योतिरादित्य सिंधिया सवार होकर उत्तर प्रदेश में रोड शो कर रहे हैं, वह कांग्रेस के लिए बहुत ही खास और लक्की रहा है। वर्ष2017 में पंजाब में विधानसभा के चुनाव हुए थे। कांग्रेस उस दौरान संकट से गुजर रही थी। चुनाव प्रचार के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बस का इस्तेमाल करते थे। जिसके बाद पार्टी को एक बड़ी जीत मिली और अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री बने। कांग्रेस पार्टी के नेताओं का मानना है कि यह बस बहुत ही लक्की है। जिस-जिस विधानसभा से होकर यह बस गुजरी वहां-वहां कांग्रेस पार्टी को सफलता मिली है। बता दें कि प्रियंका के रोड शो के लिए शनिवार की रात को पंजाब से इस बस को लखनऊ लाया गया था। इस बस की खासियत है कि यह बुलेटप्रूफ है जिसकी एक सीट हाइड्रॉलिक है, जो बस की छत से बाहर आ जाती है।
प्रियंका के रोड शो को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
आपको बता दें कि रोड शो के लिए लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे प्रियंका, राहुल और सिंधिया का स्वागत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर सहित तमाम कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भरपूर गर्मजोशी के साथ किया। यह रोड शो हवाई अड्डे से शुरू होकर आलमबाग, चारबाग और लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचा। हजरत गंज में तीनों नेताओं ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रास्ते में हजारों की संख्या में खड़े कार्यकर्ताओं और लोगों ने प्रियंका, राहुल और सिंधिया के रथ पर गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा की। कई जगहों पर रूक कर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। आपको बता दें कि प्रियंका ने रविवार को प्रदेश की जनता के नाम एक ऑडियो क्लिप जारी किया था। इस क्लिप में प्रियंका ने लोगों से अपील करते हुए कहा था कि उनके दिल में आशा है, हम सब मिलकर एक नई राजनीति की शुरुआत करेंगे। एक ऐसी राजनीति जिसमें हम मिलकर भागीदार होंगे। मेरे युवा दोस्त, मेरी बहनें और सबसे कमजोर व्यक्ति सबकी आवाज सुनाई देगी। मेरे साथ मिलकर इस नए भविष्य, इस नई राजनीति का निर्माण करें।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2tg8TKR
एक टिप्पणी भेजें