नई दिल्ली। पीएम मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। वह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 डी के फलाकाता-सलसलाबाड़ी खंड को चार लेन किए जाने की आधारशिला रखेंगे। पीएमओ से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग का यह 41.7 किलोमीटर लंबा खंड पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में आता है। इसे 1938 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। पीएम जलपाईगुड़ी में हाईकोर्ट की नई सर्किट बेंच का भी उद्घाटन करेंगे। उसके बाद किराए पर लिए गए जमीन पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
7 दिन के अंदर पीएम की तीसरी रैली
जलपाईगुड़ी में पीएम मोदी की यह रैली ममता बनर्जी के सारदा चिट फंड घोटाले में कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार से सीबीआई की राजनीति से प्रेरित पूछताछ के विरोध में धरना खत्म करने के तीन दिन बाद हो रही है। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी आज इसी मंच से ममता बनर्जी के आरोपों का माकूल जवाब देंगे और पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगे।
2014 में जीती 42 में से 2 सीटें
आपको बता दें कि भाजपा ने 2014 लोकसभा चुनावों में राज्य की 42 सीटों में से सिर्फ दो सीटें जीती थीं लेकिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इस बार यहां से 23 सीटें जीतने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। भाजपा के दूसरे नेताओं के मामलों की तरह ही पार्टी को जलपाईगुड़ी में प्रधानमंत्री की सभा के लिए जगह तलाशने में दिक्कत हुई। जलपाईगुड़ी के सरकारी कॉलेज और उससे सटे स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के मैदान के लिए मंजूरी नहीं मिलने के बाद पार्टी को जलपाईगुड़ी शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर खेती की जमीन को किराए पर लेकर सभा के आयोजन के लिए बाध्य होना पड़ा है। भाजपा प्रदेश इकाई के महासचिव राजू बनर्जी ने आरोप लगाया कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता बस संचालकों को चेतावनी दे रहे हैं कि भगवा पार्टी के समर्थकों को अपनी गाड़ियों में रैली स्थल पर न ले जाए। हालांकि इस आरोप को तृणमूल कांग्रेस के विधायक सौरव चक्रबर्ती ने निराधार बताया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2ShpSeU
एक टिप्पणी भेजें