नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली तक चल रहा ममता और मोदी सरकार के बीच घमासान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीसरे दिन भी यहां नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग चल रही है। अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बड़ा बयान दिया है। स्मृति ने ममता के धरने को दिखावा बताया है। केंद्रीय मंत्री का कहना है कि ममता ने ये ड्रामा सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए किया है।
आपको बता दें कि जब से ममता बनर्जी ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है...तब से लगातार मोदी सरकार की लेडी ब्रिगेड ने भी उनके खिलाफ लामबंदी कर दी है। पहले निर्मला सीतारमण, फिर सुषमा स्वराज, अब स्मृति ईरानी ने भी ममता के खिलाफ बड़ा बयान देकर ये साफ कर दिया है कि भाजपा का महिला ब्रिगेड चुप बैठने वाला नहीं है।
पिछले तीन दिन से कोलकाता में हाई वॉल्टेज ड्रामा चल रहा है जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठी हैं। ममता ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार कानून और संविधान का उल्लंघन कर रही। यही नहीं ममता ने सुप्रीम कोर्ट के सीबीआई और कोलकाता कमिश्नर राजीव कुमार के विवाद को लेकर चल रहे मामले में जो फैसला सुनाया उसे भी उन्होंने अपनी जीत बताया।
हालांकि ममता की जीत वाले बयान पर भाजपा नेताओं ने जमकर पलटवार किया है। पश्चिम बंगाल से ही भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि ममता बनर्जी किसी भ्रम में जी रही है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला उनकी जीत है। दरअसल इससे उन्हें सीधे तौर पर झटका लगा है क्योंकि कोर्ट ने कमिश्नर को सीबीआई के सामने पेश होने का आदेश दिया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Ts9qF3
एक टिप्पणी भेजें