43 केंद्रों पर 14016 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद
हनुमानगढ़. प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने मुस्तैदी बढ़ा दी है। प्रश्नपत्र जिला मुख्यालय पर पहुंचने के बाद उसे ट्रेजरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार को परीक्षा के दिन ही पेपर का वितरण किया जाएगा। राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड जयपुर की ओर से तीन फरवरी को प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित करवाई जा रही है। यह परीक्षा तीन फरवरी को सुबह ग्यारह से दोपहर दो बजे तक चलेगी। जिले में इसे लेकर ४३ केंद्र बनाए गए हैं। इसमें १४०१६ अभ्यर्थी शामिल होंगे। कंट्रोल रूम प्रभारी पवन कौशिक ने बताया कि पूर्व की भांति इस परीक्षा में भी ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। परीक्षा को लेकर प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री भिजवा दी गई है। जिसे जिला कोषागार में सुरक्षित रखा गया है। प्रश्नपत्रों का वितरण परीक्षा के दिन ही किया जाएगा। परीक्षा के दौरान नकल की रोकथाम को लेकर सात उडऩदस्ता टीमें गठित की गई है। जो परीक्षा अवधि में सभी केंद्रों की निगरानी करेगी। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस का जाब्ता भी तैनात रहेगा। परीक्षा के दिन सुबह साढ़े आठ बजे प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू किया जाएगा। पेपर को लेकर टाउन में १७ व जंक्शन में २६ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
डे्रस कोड में सख्ती
शिक्षा अधिकारियों ने डे्रस कोड की पालना अनिवार्य रूप से करवाने की बात कही है। निर्धारित ड्रेस कोड के तहत परीक्षा के दौरान कांच व लाख की पतली चूडिय़ां पहनकर आने की छूट रहेगी। किसी प्रकार के जेवरात व कान की बालियां, अंगूठी, ब्रेसलेट पहनकर आने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में तलाशी के समय कोट, स्वेटर व जर्सी उतारकर तलाशी देनी होगी। जूते पहनकर आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इस मौसम में ऐसे पोशाक
केंद्राधीक्षकों की बैठक में कंट्रोल रूम प्रभारी पवन कौशिक ने बताया कि तय डे्रस कोड में आने पर ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सूट, टाई, मफलर, जाकेट, कोट, जरकिन, ब्लेजर पहनकर नहीं आने और शॉल लेकर नहीं आने के लिए कहा गया है। बिना जेब वाली गर्म जर्सी व स्वेटर, जिनमें बड़े बटन नहीं हों, वही पहनकर आने के लिए अभ्यर्थियों को कहा गया है। महिलाएं बालों में रबर बैंड या साधारण किस्म की हेयरपिन लगाकर आ सकती हैं। सर्दी के कारण पूरी आस्तीन का कुर्ता, शर्ट व ब्लाउज पहनकर आने की अनुमति होगी। लेकिन इनमें बड़े बटन होने पर दिक्कत आ सकती है। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि सर्द मौसम में पोशाक पर पाबंदी तो उचित नहीं है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2S5i3sF
एक टिप्पणी भेजें