बीकानेर. स्पेशल ऑपरेशन गु्रप (एसओजी) की सूचना पर बीकानेर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हथियारों के साथ पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) जयपुर के अधिकारियों से एएसपी सिटी पवन कुमार मीणा को बीकानेर में दो युवकों के पास अवैध हथियार की सूचना मिली थी। इसके बाद जेएनवीसी सीआइ मनोज माचरा के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा। पुलिस टीम जोधपुर बाइपास स्थित कैमल फार्म के पास पहुंची तब वहां गोगागेट के खारिया कुआं पानी की टंकी के पास निवासी पवन पुत्र कैलाश सुथार खड़ा था। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ा। आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास दो पिस्टल ३२ बोर मय मैग्जीन व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं दूसरी कार्रवाई एसपी मेडिकल कॉलेज मैदान में की गई, जहां रानीबाजार छींपों का मोहल्ला निवासी रविन्द्र सिंह उर्फ भैरुंसिंह पुत्र मोहनसिंह राजपूत खड़ा था। पुलिस घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल ३२ बोर मय मैग्जीन बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आम्र्स अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बेचने की फिराक में थे हथियार
सीआइ माचरा ने बताया कि दोनों आरोपी हथियार बेचने की फिराक में थे। वह वहां किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे लेकिन इससे पहले पुलिस टीम वहां पहुंच गई और वे धरे गए। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि में आरोपी हथियार कहां से और किससे लाए, इस बारे में पड़ताल की जाएगी।
अभियान में ११ आरोपी, १२ हथियार बरामद
एसपी सिटी पवन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एक जनवरी से ३१ जनवरी तक जिलेभर में अवैध हथियारों तस्करों व बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बीकानेर जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में ११ आरोपियों को गिरफ्तार कर १२ हथियार व तकरीबन १८ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। विदित रहे कि एएसपी सिटी मीणा बीकानेर में पदस्थापित होने से पहले एसओजी में थे। इसी के चलते गुरुवार को उन्हें सूचना मिली और आरोपी पकड़े गए।
यह थी टीम
एएसपी सिटी पवन कुमार मीणा के निर्देशन में जेएनवीसी सीआइ मनोज माचरा, उपनिरीक्षक बलबीरसिंह, हैडकांस्टेबल नैनूसिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार, नंदराम, गिरधारीराम व रामप्रताप की टीम बनाई। टीम ने शाम छह बजे अलग-अलग जगह दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2SjoHdX
एक टिप्पणी भेजें