नोखा.कस्बे में थड़ी-ठेला लगाकर सामान बेचने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है कि अब उनके लिए नगर पालिका स्थान निर्धारित करके देगी। इसके लिए वेडिंग व नॉन वेडिंग जोन निर्धारित किए जाएंगे। इसके लिए चल रही प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाएगा। इस मामले में स्वायत्त शासन विभाग के अतिरिक्त निदेशक मुकेश कुमार मीना ने हाल ही में दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। जारी किए गए निर्देशों में राजस्थान स्ट्रीट वेेंडर्स (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) नियम, २०१६ के प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही की जाकर कस्बे के वेडिंग एवं नॉन वेडिंग जोन करके थड़ी-ठेले वालों को शीघ्र व्यवस्थित करने की बात कही गई।
एक हजार से अधिक थड़ी-ठेले
मोटे तोर पर कस्बे में स्थाई, अस्थाई और फेरी लगाकर सामान बेचने वाले करीब एक हजार से अधिक थड़ी-ठेले वाले हैं। इसमें से करीब ५०० थड़ी-ठेले वालों ने तो वेडिंग जोन में स्थान निर्धारित करने व लाइसेंस बनाकर देने के लिए नगरपालिका में आवेदन भी कर रखा है।
व्यवस्थित हो जाएंगे बाजार
यदि नगरपालिका ने वेडिंग व नॉन वेडिंग जोन निर्धारित कर थड़ी-ठेले वालों को व्यवस्थित कर दिया, तो अव्यस्थित बाजार स्वत ही व्यवस्थित हो जाएंगे। बाजारों में थड़ी-ठेलों के कारण लगने वाले ट्रेफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। बाजारों में राहगीरों का आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
विधायक ने उठाया था मामला
गत दिनों विधानसभा सत्र के दौरान विधायक बिहारी लाल बिश्नोई ने भी इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने नोखा नगरपालिका पर कई तरह के आरोप भी लगाए थे। साथ ही नोखा में थड़ी-ठेले वालों को समुचित संरक्षण देते हुए वेडिंग जोन बनाकर स्थान उपलब्ध कराने की मांग की थी।
इनका कहना...
कस्बे में संचालित थड़ी-ठेले वालों का सर्वे कराया हुआ है। इसके लिए समिति भी गठित की हुई है। करीब ५०० थड़ी-ठेले वालों ने लाइसेंस होल्डर बनने के लिए आवेदन भी कर रखा है। निदेशालय से मिले निर्देशों की पालना की जाएगी।
-सीपी सारस्वत, ईओ नोखा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2TkEDtG
एक टिप्पणी भेजें